कन्नौज। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रवासी लोगों के पंजीयन के लिए बनाए गए केंद्र क्रिस्तु ज्योति एकेडमी का निरीक्षण किया। अफसरों ने निर्देश दिए कि बिना मास्क वाले वाहन सवारों के वाहन का चालान कर जुर्माना किया जाए। डीएम ने कहा है कि गैरप्रांतों के ऐसे लोग, जो जिले में फंसे हैं या कन्नौज के ऐसे लोग जो गैरप्रांतों या जिलों में फंसे हैं, वह लोग पंजीकरण करा लें।
डीएम ने कहा कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर निर्धारित प्रारूप में भरें। इसके बाद श्रम विभाग इनकी दक्षता जांचे। आवश्यक प्रपत्र भरकर सुरक्षित रखें। पंजीयन के लिए तीनों तहसीलों के कैंप पर उपस्थित कर्मचारियों को तत्काल मास्क उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी को नियमित रूप से मास्क लगाने और हैंड सैनिटाइजर या साबुन से नियमित हाथ धोने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अगर कोई बिना मास्क लगाए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। वाहन का चालान करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाए। वाहन में निर्धारित सवारी से ज्यादा मिलने पर भी चालान किया जाए।
उन्होंने बताया कि अगर जिले का कोई व्यक्ति उत्तर प्रदेश से बाहर फंसा है या अन्य किसी राज्य के निवासी उत्तर प्रदेश में फंसे हैं तो वह उत्तर प्रदेश सरकार के लिंक पेज पर सूचना दें। अन्य राज्य से उत्तर प्रदेश के किसी भी शहर में आने के लिए लिंक http://jansunwai.up.nic.in/covidv~_migrant_application_other पर सूचना उपलब्ध कराएं। उत्तर प्रदेश के बाहर अन्य राज्य में जाने के लिए लिंक http://jansunwai.up.nic.in/covidv~_migrant_application पर सूचना उपलब्ध कराएं।