जिला अस्पताल में घायल राजेश का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : amarujala
जसोदा (कन्नौज)। जीटी रोड पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कानपुर रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाया।
गुरसहायगंज कोतवाली के मड़िया गांव निवासी मनोज कुमार (28) पुत्र ज्योराखन पड़ोसी गांव में रहने वाले दोस्त राजेश कुमार (40) पुत्र सालिगराम के साथ सोमवार सुबह करीब दस बजे बाइक से गैस एजेंसी गए थे। यहां से सिलिंडर लेकर दोनों लोग घर लौट रहे थे। जीटी रोड पर सतवारी मोड़ के पास सामने से गुरसहायगंज की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मनोज कुमार ने मौके पर दम तोड़ दिया। राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जीटी रोड पर दोनों ओर जाम लग गया। सूचना पर कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर घायल को टेंपो से जिला अस्पताल भिजवाया गया। करीब आधा घंटे बाद बाद जाम खुलवाया गया। चिकित्सकों ने राजेश की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर कर दिया। वहीं मौत की सूचना मिलते ही मनोज के परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल ने बताया कि दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई है।