तिर्वा। सुजानसराय मार्ग पर ग्राम डम्बरपुर के पास सोमवार देर शाम ऑटो लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजना को दी।
क्षेत्र के गांव सीहपुर निवासी अमन (29) प्राइवेट पशु चिकित्सक करते थे। सोमवार देर शाम अमन बाइक से सुजानसराय तिर्वा मार्ग से वापस घर जा रहे थे। डम्बरपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भिजवाया जहां पर डॉक्टर ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पिता रामदेव के प्रार्थना पत्र के आधार पर ऑटो लोडर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। लोडर व चालक को हिरासत में ले लिया गया है।