इंदरगढ़। चक्की पर आटा लेने जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इंदरगढ़ क्षेत्र के विसेनेपुर्वा गांव निवासी ब्रजेश कुमार (24) प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों ने बताया कि छह माह से घर पर रहकर खेतीबाड़ी का काम करता था। मंगलवार को ग्राम कलसान स्थित आटा चक्की से ब्रजेश आटा लेने के लिए बाइक से जा रहा है। इंदरगढ़-नादेमऊ मार्ग पर गांव से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ब्रजेश की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।