छिबरामऊ। घर जा रहे युवकों की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर जगतपुर गांव में शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में राजमिस्त्री की मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी को प्राथमिक उपचार के बाद 100 शैया अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।
सिकंदरपुर क्षेत्र के पूरन नगला निवासी रुपेंद्र कुमार उर्फ छोटे (30) गांव के ही विशुन दयाल (35) के साथ मंगलवार को बाइक से नौली गांव गया था। वहां से लौटते समय जगतपुर गांव में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा रुपेंद्र कुमार व विशुन दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को परिजनों ने 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने रुपेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया और विशुन दयाल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि रुपेंद्र की शादी 10 साल पहले नागपुर महाराष्ट्र की दीपिका के साथ हुई थी। उसके तीन बेटे कार्तिक, गणेश और रोशन हैं। रुपेंद्र राजमिस्त्री का कार्य करता था। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।