छिबरामऊ। जीटी रोड के ओवरब्रिज पर बाइक सवार लुटेराें ने दंपती से लूट का प्रयास किया। बैग छीनने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होने से सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में दंपती व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों को 100 शैया अस्पताल से तिर्वा मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।
जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर बर्रा गांव निवासी रामलखन (32) शनिवार को सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के गांव काजीहार ससुराल में दिवंगत सास की पवनी कार्यक्रम में जा रहे थे। पत्नी साधना (26) व चार वर्ष के पुत्र अंशुल भी बाइक पर सवार थे। रास्ते में प्रेमपुर में जीटी रोड के ओवरब्रिज पर पीछे से आई काली बाइक सवार दो लुटेरों ने पीछे बैठी साधना से बैग छीनने का प्रयास किया। छीना झपटी में रामलखन बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक समेत तीनों जीटी रोड पर गिर पड़े। हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। यहां साधना व अंशुल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मी ओवरब्रिज के नीचे ही मौजूद थे। दंपती के साथ लूट जैसी कोई वारदात नहीं हुई। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक से गिरकर तीनों घायल हो गए थे।