छिबरामऊ। सौरिख क्षेत्र के भावलपुर-चपुन्ना के पास सोमवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
नगरिया लाल सहाय निवासी मजदूर मिलन (23) अपने दोस्त अखिलेश (25) के साथ बाइक से खड़िनी की ओर जा रहा था। सौरिख क्षेत्र के भावलपुर-चपुन्ना के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और निजी वाहन से दोनों को सौ शैय्या अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मिलन को मृत घोषित कर दिया। अखिलेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मिलन की मौत से पत्नी कुंती देवी, बेटे हनी व शिवांश, मां गीता देवी, भाई गुलाब और बहनें सजनी व खुशबू रो-रोकर बेहाल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।