छिबरामऊ(कन्नौज)। बिजली विभाग के अधिकारी बिना जांच पड़ताल के मुकदमा दर्ज कराने में जुटे हैं। विभाग के जेई ने डेढ़ साल पहले फौत हो चुके व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच अधिकारी की पड़ताल में मामला सामने आया है।
बिजली विभाग के अवर अभियंता विद्यासागर ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 21 सितंबर को प्रवर्तन दल के साथ नकटपुर में बिजली चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक लाख 66 हजार 669 के बकाये में काटे गए कनेक्शन को दोबारा जोड़कर बिजली का उपभोग करते हुए पाया गया। अवर अभियंता ने सुरेंद्र सिंह पुत्र जयलाल के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच अधिकारी रणधीर सिंह पड़ताल करने सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचे तो ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र सिंह की मौत डेढ़ साल पहले हो चुकी है। ग्रामीणों में यह मुकदमा चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह ने बताया कि अगर कोई चूक हुई है तो बिजली का उपभोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।