कन्नौज। अब किसान पूर्व की भांति बिना फार्मर रजिस्ट्री के भी अपना गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर बिक्री कर सकेंगे। किसानों को आ रही कठिनाइयों एवं असुविधाओं को देखते हुए यह निर्णय लागू किया गया है।
जिला विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा क्रय प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन के लिए सॉफ्टवेयर में शीघ्र परिवर्तन किया जा रहा है, ताकि क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो और खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से चल सके। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री उर्वरक वितरण एवं अन्य संबंधित योजनाओं के लिए पूर्व की तरह अनिवार्य रहेगी। इसलिए किसान अपनी सुविधा के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समय से पूर्ण कराते रहें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था के साथ गेहूं क्रय कार्य किया जाए तथा किसानों को इस निर्णय की जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाए।