छिबरामऊ। कुंअरपुर जनू गांव मे रहने वाले भागवताचार्य के बेटे ने सेना में अफसर बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। देश सेवा के जज्बे से सेना में गया चंद्रमोहन चतुर्वेदी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन गया है। कुंअरपुर जनू गांव के रहने वाले हरिमोहन चतुर्वेदी भागवताचार्य हैं। उनकी पत्नी ललिता चतुर्वेदी गांव में स्वास्थ्य विभाग में आशा के पद पर कार्यरत हैं।
पढ़ाई में होनहार रहे चंद्रमोहन ने सैनिक स्कूल रीवा मध्यप्रदेश से इंटर की परीक्षा पास की। इसके बाद उनका चयन एनडीए खडगवासला में हुआ। चंद्रमोहन का छोटा भाई भी सैनिक स्कूल रीवा में पढ़ाई कर रहा है। उसकी इस उपलब्धि से परिजन गदगद हैं। परिजन बताते हैं कि चंद्रमोहन में बचपन से ही देशसेवा की लालसा थी। लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर उसने न सिर्फ अपना सपना पूरा किया बल्कि नाम भी रोशन कर दिया।
रविवार को शिक्षक राहुल मिश्रा ने चंद्रमोहन के घर जाकर उसके माता-पिता को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान हरिशरण शाक्य, राहुल मिश्रा, विनोद बिहारी चतुर्वेदी, विनय शुक्ला, ह्नदयेश चतुर्वेदी, शीलचंद्र शुक्ला, शिवस्वरुप चतुर्वेदी व आशाराम चतुर्वेदी सहित कई लोग मौजूद रहे।