बारिश में छाता लगाकर जाती महिला।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार शाम तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। यह दो घंटे तक रुक-रुककर होती रही। बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से मौसम का मिजाज बदला तो ठंड का अहसास हुआ। लोग बचाव का इंतजाम कर घरों से निकले। बारिश की वजह से आलू, गेहूं, मटर, सरसाें को आंशिक नुकसान हुआ। वहीं गुरसहायगंज में बिजली गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट बदली। जिले में बुधवार शाम करीब तीन बजे बजे तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इससे चालक रोड पर वाहनों की लाइट जलाकर निकले। इसके साथ ही बारिश होने लगी। कभी धीमे तो कभी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। आसमान में घने बादलों को देखकर लग रहा था कि बारिश नहीं थमेगी। इससे किसानों की धड़कनें तेज हो गईं। शाम पांच बजे बारिश रुकी तो किसानों समेत लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश से जन-जीवन प्रभावित होने से जरूरतमंद लोग घरों से बाहर निकले। अचानक हुई बारिश ने लोगों को सर्दी का अहसास करा दिया। बारिश की वजह से पारा 29 डिग्री से लुढ़ककर 22 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम के करवट लेने के बाद लोग घरों से गर्म कपड़े, टोपी, छाता आदि लेकर निकले।
मौसम वैज्ञानिक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। उन्होंने दो दिन तक आसमान में बादल रहने की संभावना जताई है।
बिजली गिरने से वृद्ध की मौत
मलिकपुर। बारिश के दौरान बिजली की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। क्षेत्र के गंगागंज गुरौली निवासी नेकराम दिवाकर (60) बुधवार दोपहर बाद घर से बकरियां चराने खेत पर गए थे। मौसम में बदलाव के चलते तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने से फंस गए। बिजली गिरने से वह चपेट में आकर झुलस गए। खेतों पर मौजूद लोग घर ले गए। उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्राम प्रधान संजय भारतीय ने क्षेत्रीय लेखपाल रक्षपाल सिंह को सूचना दी। शाम को छिबरामऊ एसडीएम गौरव शुक्ला ने मृतक के घर पहुंचकर सांत्वना दी। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।