छिबरामऊ। घर के बाहर खेल रहा आठ साल का बालक अचानक लापता हो गया। परिजनों ने थाने में अपहरण का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पर, मंगलवार सुबह करीब 18 घंटे बाद बालक दूसरे गांव में अर्धबेहोशी हालत में मिल गया। बालक की हालत ठीक न होने से किसी ने उससे पूछताछ नहीं की।
नगर की कांशीराम कालोनी निवासी सोनू कठेरिया ने बताया कि सोमवार शाम उनका पुत्र ऋषि (8) खेलने के लिए घर से बाहर निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी उसका कहीं अता पता नहीं चल सका। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण की आशंका के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस व परिजन ऋषि की तलाश में जुटे हुए थे।
परिजनों को ऋषि बहवलपुर गांव के एक खेत में अर्धबेहोशी हालत में मिला। परिजन उसे कोतवाली लेकर पहुंचे। पिता का कहना है कि बेटे की हालत अभी ऐसी नहीं कि उससे ज्यादा कुछ पूछा जाए। पर, वह ढाई-तीन किलोमीटर दूर उल्टा कैसे वहां पहुंच गया, यह समझ में नहीं आ रहा है। दूसरी ओर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि बच्चा लग रहा था रात भर सोया नहीं इस वजह से बात करने की स्थिति में नहीं था। लग रहा है कि वह खेलते समय भटक कर वहां चला गया था। परिजन यदि किसी पर शक जताते हैं तो छानबीन कर उसकी पुष्टि और कार्रवाई की जाएगी।