करवाचौथ शुक्रवार को है और एक दिन पहले बाजार में
सुहागिनों की भीड़ रही। सामान्य तबके की महिलाओं ने फुटपाथ पर तो रसूखदार
परिवारों की महिलाओं ने ऊंची दुकानों पर खरीदारी की, वहीं सुहागिनों के
सजने के लिए ब्यूटी पार्लर भी गुलजार रहे।
गुरुवार को सौंदर्य प्रसाधन
बेंचने वालों की चांदी रही। पालिका रोड की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़
पड़ी। सामान्य तबके की महिलाओं के लिए फुटपाथ की दुकानें सहारा बनीं।
उन्होंने सस्ते सौंदर्य प्रसाधन खरीदकर सजने संवरने का इंतजाम किया। कपड़ों
की दुकानों पर साड़ियां, लहंगा भी खरीदे गए।
इसके अलावा सौंदर्य से जुड़े
सामानों के साथ ही रंग बिरंगी चूड़ियों की भी तगड़ी खरीद हुई। सर्राफा
दुकानदारों ने इसके लिए खास तैयारी की थी। इस बाबत नीलम, आशा, कंचन का कहना
था कि सोना-चांदी बहुत महंगा है। पतियों पर ज्यादा बोझ नहीं डाल सकतीं।
उधर, मिट्टी के करवों की जरूरत अभी भी बनी हुई है और महिलाओं ने करवों को
खरीदारी की।
इसके अलावा पेठा, गट्टा, पेड़ा, बर्फी, इमरती की खरीद की
गई। इस समय 54 शहर में ब्यूटी पार्लर चल रहे हैं। अच्छे ब्यूटी पार्लरों पर
महिलाओं ने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी। पूरा पैकेज डेढ़ हजार से पांच
हजार रुपये तक है। ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी लगवाने वालों की सबसे ज्यादा
भीड़ रही।
इस बाबत मोहल्ला बजरिया स्थित आरती ब्यूटी पार्लर की संचालिका
सीता गुप्ता, आरती गुप्ता और शालू का कहना है कि सजने संवरने वाली महिलाओं
को रासायनिक प्रयोग से बचना चाहिए। सस्ते कास्मेटिक्स त्वचा को नुकसान
पहुंचा सकते हैं। हर्बल तकनीक सबसे उम्दा है। जरा सी असावधानी चेहरे को
नुकसान पहुंचा सकती है।