संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत जिले में पैंतीस ग्राम पंचायतों को चिंहित किया गया है। गांव के लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने को प्रतिदिन सुबह पांच बजे से अधिकारी, कर्मचारी व कई स्वयं सेवी संस्थाएं जुटी है। इसके बावजूद ग्रामीण अपनी आदतों में बदलाव नहीं ला रहे है। बछज्जापुर ग्राम पंचायत का निरीक्षण करने पहुंचे डीपीओ को कई शौचालयों में उपले व मिट्टी भरी मिली। जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अपने सामने ही शौचालयों को साफ कराया। लोगों को शौचालयों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
डीपीआरओ जेके केसरवानी ने गांव में बने शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई शौचालयों में उपले भरे मिले। कई शौचालयों में मिट्टी डालकर सीट दबा दी गई थी। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए लोगों को शौचालयों का प्रयोग करने को कहा। इस दौरान डीपीआरओ ने पंचायत सचिव अशरफ से शौचालय निर्माण की प्रगति भी जानी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद को निर्देश दिए कि शौचालय निर्माण में अगर बंदरबांट हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। जांच के दौरान पाया गया कि तमाम अपात्र लोगों को शौचालय आवंटित कर दिए गए हैं। इस पर पंचायत सचिव पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर ब्लाक समन्वयक विवेक कुमार, प्रभाष नंदिनी सिंधिया व अतरकली मौजूद रही।