विकास खंड तालग्राम के सकरैनी में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की बुलाई गई किसान पंचायत में किसानों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा के साथ नोटबंदी का मुद्दा छाया रहा। बैंक की लेनदेन की व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त न होने पर किसान यूनियन ने चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
रविवार को आयोजित किसान पंचायत की अध्यक्षता किसान लालजीत व दीपक यादव के संचालन में शुरू हुई। संगठन के जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दकी ने नोटबंदी पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि किसानों का आलू औने-पौने दाम बिक रहा है। वहीं तैयार खड़ी 40 से 50 दिन की फसलों पर पैसा न होने के कारण किसान दवा का छिड़काव नहीं कर पा रहा है। बीज खाद के लिए सहकारी समितियों से लेकर प्राइवेट दुकानों के चक्कर लगा रहा है। जबकि बैंक के शाखा प्रबंधक 15 से 20 फीसदी लेकर कालेधन कुबेरों का रुपया बदलकर सफेद कर रहे हैं। किसान एक -एक पैसे के लिए मोहताज है। अपने बेटे-बेटों की शादी नहीं कर पा रहा है। जबकि मंत्री करोड़ों रुपये खर्च कर शादियां करा रहे हैं।
बैंकों की खराब व्यवस्था दुरुस्त न हुई तो वह किसानों के साथ चक्काजाम कर आंदोलन को विवश होंगे। संगठन के मीडिया प्रभारी शैलेंद्र ने गांव की जनता को राशन कार्ड न मुहैया करा पाने की शिकायत की। वहीं दीपक यादव ने संगठन की मजबूती पर बल दिया। इस मौके पर महेंद्र प्रताप, सुरेंद्र, राजेश कुमार, प्रेम प्रताप, सुरेश चंद्र, राकेश कुमार वर्मा, हासिम, जसीम, रघुवीर सिंह, प्रमोद कुमार समेत सैकड़ों महिला पुरुष किसान मौजूद रहे।