पांच सौ और हजार के नोट जमा करने के लिए पांच दिन बचे हैं। धनकुबेरों ने कालेधन को ठिकाने लगाने के लिए बैंकों और बैंक कर्मचारियों के घर चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। बडे़ व्यापारियों के साथ सीए भी बैंक अधिकारियों से मिल कर काला धन खपाने का रास्ता बनाने में लगे हुए हैं। खुफिया विभाग के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। वैसे, यदि आपके पास पुरानी करेंसी बचती है तो उसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के चक्कर लगाने होंगे।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक, कार्पोरेशन बैंक, थाना तालग्राम की एक बैंक शाखा समेत छिबरामऊ तहसील की दो बैंकें जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। बैंक सूत्रों की माने तो काला धन खपाने को एक बार फिर वे सक्रिय हो गए हैं। बैंक में पुरानी करेंसी जमा करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है। धन कुबेरों ने अब बैंक अधिकारियों के चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं। हालांकि खुफिया विभाग के सूत्राें की माने तो इस पर अब उनकी खास निगाह बनी हुई है।
जिले के आयकर विभाग एक दर्जन पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी मालिक और 20 से अधिक स्वर्णकारों पर नजरें लगाए है। कुछ को जनवरी में ही नोटिस जारी की जा सकती है।