छिबरामऊ। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सिकंदरपुर शाखा में बैंक कर्मी पर मृतक महिला की फाइल गायब करने का आरोप लगा है। ग्राहक ने रविवार को महाप्रबंधक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला सुभाष नगर निवासी गौरीशंकर ने बताया कि शाखा में एक युवक बिना किसी वैध नियुक्ति अथवा अधिकृत अनुमति के बैंक संबंधी कार्य कर रहा है।युवक ने उसकी मृतक माता रामदेवी के डीसीबीसी से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर होने के बाद उसे गायब कर दिया, जिससे धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। गौरीशंकर का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों से जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित फाइल उस व्यक्ति द्वारा खो दी गई है। उसने आरोप लगाया कि व्यक्ति ग्राहकों के दस्तावेजों और बैंकिंग कार्यों में हस्तक्षेप कर रहा है, जिससे ग्राहकों की गोपनीयता और बैंक की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पीड़ित ने महाप्रबंधक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। शाखा प्रबंधक आशीष यादव ने बताया कि व्यक्ति बैंक में दैनिक वेतन भोगी है, आरोप निराधार हैं। फाइल बैंक में सुरक्षित रखी हुई है।