छिबरामऊ। टहलने गई महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों लुटेरों को बकेवर पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस हिरासत में लुटेरों ने छिबरामऊ की इस वारदात को भी कबूल किया है। इन लुटेरों ने बुधवार की सुबह टहलने गई महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
मोहल्ला इब्राहिमगंज निवासी शकुंतला देवी बेटे अव्यम के साथ बुधवार की सुबह नगर के करनौली रोड पर टहलने गई थी। सवा छह बजे वह टहलकर लौट रही थीं। जैसे ही वह संत गेस्ट हाउस के पास पहुंचीं, तभी सफेद रंग की अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकरगले में पड़ी चार तोले की सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे जीटी रोड पर बेवर की तरफ भगा ले गए। इन दोनों लुटेरों को इटावा जनपद की बकेवर पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों ही लुटेरे इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी के रहने वाले हैं।
गुलगुलिया उर्फ शिवम पुत्र राजू गिहार व कल्लू गिहार ने इटावा जनपद में पिछले तीन दिन में लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया है। बुधवार की रात को ही इन दोनों लुटेरों को बकेवर की पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस हिरासत में लुटेरों ने छिबरामऊ की लूट की वारदात को कबूल लिया है। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को इटावा पुलिस ने दबोच लिया है।
रिमांड पर लेकर की जाएगी बरामदगी
छिबरामऊ में टहलने गई महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों लुटेरों को बकेवर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस इन दोनों लुटेरों को रिमांड पर लेकर महिला की लूटी गई चेन को बरामद करने का प्रयास करेगी।