हादसे की जानकारी के बाद मानीमऊ चौकी पर लगी भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ(कन्नौज)। घर लौटते समय बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पूर्व छात्र नेता और मौजूदा बीडीसी सदस्य की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बीडीसी सदस्य हेलमेट नहीं लगाए थे।
सदर कोतवाली कीमानीमऊ चौकी इलाके के गांव गुखरू निवासी जितेंद्र कुमार पाल (35) पुत्र जगदीश पाल बीडीसी सदस्य थे। जितेंद्र शुक्रवार रात करीब नौ बजे मानीमऊ कस्बे से घर लौट रहे थे। मानीमऊ-ठठिया मार्ग पर उदैतापुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में जितेंद्र कुमार पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। हैलट में इलाज के दौरान मौत हो गई। जितेंद्र के तीन बेटियां, एक बेटा है। जितेंद्र हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे सिर में गंभीर चोटें आई थीं। चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। दूसरी बाइक पर सवार युवक का पता नहीं चल सका है। उसके बारे में जानकारी की जा रही है। जितेंद्र के पिता जगदीश पाल ने बताया कि 2011 में बेटे ने पीएसएम डिग्री कालेज से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। वह बेटे के साथ कृषि कार्य कर परिवार का पालन पोषण करते थे। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।