छिबरामऊ(कन्नौज)। इलाके के हाथिन गांव में सब्जी बेचकर लौट रहे युवक की साइकिल को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने सब्जी विक्रेता के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इलाके के भारापुर निवासी मुकेश शाक्य(45) सब्जी बेचते थे। यह शुक्रवार को हाथिन गांव में सब्जी बेचने गए थे। देर शाम साइकिल से घर लौटते समय हाथिन गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक भाग निकला।
जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने सब्जी विक्रेता को सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां से मेडिकल कालेज तिर्वा भेज दिया गया। मेडिकल कालेज पहुंचने से पहले एंबुलेंस में मौत हो गई। परिवार में तीन बेटे और दो बेटी हैं। पुलिस ने मृतक के भाई ओमकार की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।