कन्नौज में बड़ोदरा श्रमिक स्पेशल ट्रेन करीब 1500 श्रमिकों को लेकर गुरुवार को कन्नौज पहुंचेगी। डीएम व एसपी ने देर शाम बैठक कर अफसरों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आने वाले श्रमिकों को गोले में खड़ा कर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। ट्रेन के गुरुवार को सुबह सात बजे पहुंचने का अनुमान है।
बुधवार शाम डीएम राकेश कुमार मिश्रा व एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कैंप कार्यालय में बैठक की। डीएम ने कहा कि बड़ोदरा से श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुरुवार को जिले में पहुंचेगी। सतर्कता बरतने की जरूरत है। रेलवे बल के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद लाकड़ा समेत पुलिस अफसरों से कहा कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन के एक कोच से श्रमिकों को उतारकर निर्धारित गोले में खड़ा किया जाएगा। स्वास्थ्य टीम थर्मल स्क्रीनिंग करेगी।
रेलवे स्टेशन परिसर में बसों में बैठाकर गृह जनपद भेजा जाएगा। जीटी रोड पर वाहनों का आवागमन अवरुद्ध करने के लिए एआरटीओ को निर्देशित किया गया। एआरएम को 55 बसों की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप को रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए डॉक्टर और कर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही सभी को मास्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी से पानी के टैंक की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।