कन्नौज। लॉकडाउन में गुजरात के बड़ोदरा में फंसे जिला समेत प्रदेश के 58 जिलों के 1748 लोगों को लेकर चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कन्नौज रेलवे स्टेशन पहुंची। सभी को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए उतारा गया। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। लंच पैकेट और पानी मुहैया कराया गया। इन्हें 53 बसों से विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया। प्रति यात्री 540 रुपये किराया वसूला गया। संकट के समय किराया लेने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई है।
डीएम राकेश कुमार मिश्रा और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह श्रमिक स्पेशल ट्रेन आने से पहले रेलवे स्टेशन पहुंच गए। व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ट्रेन आने पर एक-एक कोच से यात्रियों को निकलवाकर गोले में खड़ा कराकर आगे बढ़ने के निर्देश दिए। बस स्टाप पर बाहर से आने वाले यात्रियों को क्षमता के अनुसार बस में बैठाने के निर्देश दिए। सुबह 8:25 बजे 1748 यात्रियों को लेकर ट्रेन कन्नौज पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। कन्नौज समेत फर्रुखाबाद, मैनपुरी, औरैया, बांदा, जालौन, हरदोई, इटावा, सीतापुर, कानपुर आदि 58 जिलों के यात्रियों को 53 बसों से भेजा गया। एडीएम गजेंद्र कुमार, एएसपी विनोद कुमार, एसडीएम सदर शैलेष कुमार, सीओ श्रीकांत प्रजापति समेत कई अफसर मौजूद रहे।
इन जिलों के इतने यात्री आए
कन्नौज के 100, फर्रुखाबाद के 380, बलरामपुर के 60, मैनपुरी के 27, कासगंज के 127, रायबरेली के 115, जौनपुर के 67, मऊ के 6, आजमगढ़ के 10,बलिया के 4, बहराइच के 38 सिद्धार्थनगर के 29, देवरिया के 23, एटा के 27, आंबेडकरनगर के 23, शाहजहांपुर के 100, बदायूं के 68,अमरोहा के 3, प्रतापगढ़ के 50, गोरखपुर के120, चंदौली के 13, वाराणसी के 2, भदोही के 2, हरदोई का 1, गाजीपुर के 16, लख्ीमपुर खीरी का 1, सीतापुर के 2, इलाहाबाद के 20, मिर्जापुर के 3, सोनभद्र के 9, इटावा के 22, आगरा के 8, फिरोजाबाद के 8, रामपुर के 6, मुरादाबाद के 15, बिजनौर के 35, पीलीभीत के 8, बरेली के 5, बस्ती के 15, कुशीनगर का 1, औरैया के 5, जालौन के 23, बांदा के 4, बाराबंकी के 3, लखनऊ के 6,फैजाबाद के 25, मेरठ के 3, बागपत के 3, बुलंदशहर के 8 अलीगढ़ के 2,सहारनपुर के 11, मुजफ्फरनगर के 4, शामली का 1, कानपुर के 11, उन्नाव के 61, सुल्तानपुर के 2,अमेठी के 4 हमीरपुर के 3 लोग ट्रेन से आए हैं।