कल्याणपुर इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में अभिलेख देखते एडी बेसिक केसी भारतीय और मौजूद बीई?
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। एडी बेसिक केसी भारतीय के गुरुवार को जिले में औचक निरीक्षण किया। बच्चों के मास्क न लगाने पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगा दी। वहीं कल्यानपुर में अच्छी व्यवस्था देख प्रधानाध्यापिका को राज्यपाल पुरस्कार की संस्तुति के लिए लिखा।
एडी बेसिक केसी भारतीय ने प्राथमिक विद्यालय बिरियन नगला, कल्यानपुर, प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल पलिया बूंचपुर का निरीक्षण किया। पलिया बूंचपुर के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मास्क न लगाए देख प्रधानाध्यापक यूसुफ को फटकार लगा दी। रसोईघर और शौचालय में टाइल्स लगे नहीं मिले। प्रधानाध्यापक को कायाकल्प योजना के तहत टाइल्स लगवाने के निर्देश दिए। अंग्रेजी मीडियम प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर में अच्छी व्यवस्थाएं देख प्रधानाध्यापिका पूजा पांडेय को राज्यपाल पुरस्कार की संस्तुति के लिए बीएसए और बीईओ को लिखा। उन्होंने विद्यालय की कक्षा पांच की छात्रा शिवांशी से पूछा, मिशन प्रेरणा कक्षा पांच का छात्र कैसे हासिल करेगा। शिवांशी ने उत्तर दिया कि जो धारा प्रवाह हिंदी पढ़ लेता हो और पाठ के 75 प्रतिशत प्रश्न हल कर लेता हो। इस पर उन्होंने छात्रा की पीठ थपथपाई। निरीक्षण के दौरान बीईओ सुनील दुबे मौजूद रहे।
शौचालय निर्माण की ईंटें घर ले जाने में एफआईआर के आदेश
कन्नौज। एडी बेसिक ने गुरुवार को 50 लाख से अधिक की दो परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। सड़क किनारे बने पांच स्कूलों को देखा। एक स्कूल में शौचालय और बाउंड्री का काम अधूरा देख नाराजगी जताई। अफसरों ने बताया कि यहां की प्रधान कार्यकाल समाप्त होने के बाद ईंटें घर ले गई हैं। इस पर उन्होंने बीईओ को ग्राम प्रधान पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त के आदेश पर कानपुर मंडल के एडी बेसिक केसी भारतीय गुरुवार को जिले में निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने तालग्राम स्थित निर्माणाधीन फोरेंसिक लैब देखी। निर्माण जल्द पूर्ण करने के आदेश दिए। उच्च प्राथमिक विद्यालय पलिया बूंचपुर में शौचालय व बाउंड्रीवाल अधूरी देख बीईओ सुनील कुमार दुबे से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रधान ईंटें घर ले गईं। इससे निर्माण अधूरा है। एडी बेसिक ने प्रधान पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।