नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित आयुर्वेदिक अस्पताल
- फोटो : अमर उजाला
अमोलर-तालग्राम। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी की पहल के बाद सीएमओ ने अमोलर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को नए पीएचसी में संचालन की सहमति दे दी। जिसके बाद बदहाल कोठरी में चलने वाले आयुर्वेदिक चिकित्सालय को नए पीएचसी के अतिरिक्त कक्ष में संचालित करा दिया गया है। अब ग्रामीणों को एक ही परिसर में एलोपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ मिल सकेगा। क्षेत्र के ग्रामीणों ने अमर उजाला की इस मुहिम को सराहा है।
विदित हो कि अमर उजाला ने 24 अगस्त के अंक में कोठरी में अस्पताल, चपरासी बांट रहा दवाएं खबर को प्रमुखता से छापा था। जिसको उच्चाधिकारियों व कन्नौज, फर्रुखाबाद के डीओ अनिल कुमार कटियार ने संज्ञान में लिया। अधिकारियों ने अपने स्तर से तत्कालीन सीएमओ कन्नौज को पत्र लिखकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमोलर में आयुर्वेदिक चिकित्सालय संचालन की अनुमति मांगी थी।
सीएमओ की संस्तुति के बाद शनिवार को आयुर्वेदिक अस्पताल के फार्मासिस्ट अवधेश व चतुर्थश्रेणी कर्मचारी वीरेंद्र ने आयुर्वेदिक अस्पताल का मेज, कुर्सी, फर्नीचर, गेट व दवाओं को नये भवन में शिफ्ट कर दिया। बताया कि 44 साल बाद आयुर्वेदिक अस्पताल को सरकारी भवन मिला है। क्षेत्र के ग्रामीण शेरपाल, वीरपाल, रामनिवास, जितेंद्र, रामचंद्र, सोबरन, रामसिंह ने अस्पताल शिफ्ट होने पर अमर उजाला की सराहना की है।