कन्नौज। शहर में वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप ने सनसनी फैला दी है। इसमें एक दरोगा को गाली देकर उसकी पिटाई करने की धमकी दी जा रही है। दो लोगों के बीच हो रही बातचीत में तीसरे युवक के खिलाफ अपशब्दों का खुलेआम प्रयोग हो रहा है। 29 सेकंड के इस ऑडियो क्लिप को लेकर लोगों के बीच इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। हालांकि अमर उजाला इस ऑडियो क्लिप की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो क्लिप को दो महीने पहले दो जून की रात शहर की गल्ला मंडी में हुए सांसद और पुलिस के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। उस दिन रात को उन्नाव पुलिस की दबिश को लेकर यहां मामला तूल पकड़ गया था। पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा था, उसमें सांसद सुब्रत पाठक का एक कार्यकर्ता भी था। उसके पकड़े जाने की जानकारी पर सांसद ने नाराजगी जताई थी। वह खुद भी मंडी पहुंचे थे। उसके बाद उन पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने व मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा था। इस मामले में अगले दिन तीन जून को मंडी चौकी के तत्कालीन प्रभारी हाकिम सिंह ने सांसद सुब्रत पाठक सहित 42 लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था। उस दौरान भी मंडी का वीडियो खूब वायरल हुआ था। इस मामले की जांच कानपुर देहात की पुलिस कर रही है। अब जबकि वह मामला ठंडा पड़ चुका है तो एक बार फिर से उसी प्रकरण से जुड़ा ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें तत्कालीन चौकी प्रभारी रहे एसआई हाकिम सिंह का नाम लेकर उन्हें गाली दी जा रही है और जूते से मारने की धमकी दी जा रही है। वायरल ऑडियो को लोग सांसद सुब्रत पाठक और कोतवाल अजय अवस्थी के बीच हो रही बातचीत से जोड़कर देख रहे हैं।
सांसद और कोतवाल दोनों ने झाड़ा पल्ला
भले ही ऑडियो में सांसद और कोतवाल अजय अवस्थी के बीच बात होने की चर्चा की जा रही है, लेकिन दोनों ही इससे साफ मुकर रहे हैं। इस ऑडियो की सत्यता जानने के लिए सांसद से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी जानकारी से इंकार कर दिया। कहा कि उन्हें ऐसे किसी ऑडियो क्लिप की जानकारी नहीं है। जो दूसरा पक्ष से है, उससे भी पुष्टि कर ली जाए। कोतवाल अजय अवस्थी ने भी ऑडियो की जानकारी से इंकार किया है।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने की एफआईआर की मांग
इस पूरे प्रकरण में शुरू से ही दिलचस्पी ले रहे पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने इस वायरल ऑडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना बयान साझा कर एफआईआर करने की मांग की है। वह इस प्रकरण में कन्नौज भी आ चुके हैं।