शहर के सौरिख तिराहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में शनिवार की दोपहर कैश खत्म हो गया। इस पर बैंक के चैनल पर ताला जड़ दिया गया। ऐसे में लाइन में खड़े ग्राहकों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। जिससे अफरातफरी मच गई। उधर सिंडीकेट बैंक में भीड़ के बीच आपस में ही हाथापाई हो गई।
पिछले कई दिनों से शहर की अधिकतर बैंकों में दोपहर बाद कैश खत्म हो जाने की सूचना चस्पा कर दी जाती है। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ पंजाब नेशनल बैंक में दोपहर कैश खत्म होते ही बैंककर्मियों द्वारा मेन चैनल में ताला जड़ दिया गया। उस समय बैंक के बाहर काफी संख्या में लोग लाइन लगाए खड़े थे। चैनल में ताला लगते ही लाइन में खड़े ग्राहकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया, लेकिन वह हंगामा करते हुए बैंककर्मी अंदर अपना काम निपटाते रहे।
उधर, नगरपालिका रोड स्थित सिंडीकेट बैंक के बाहर जुटी ग्राहकों की भीड़ में पहले अंदर जाने की होड़ में आपस में ही हाथापाई हो गई। जिससे अफरा-तफरी मच गई। रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित स्टेट बैंक के बाहर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। भीड़ को नियंत्रित करने में ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी वीपी सिंह को काफी कवायद करनी पड़ी। तब कहीं जाकर लोग लाइन में लगकर अपना कार्य करा सके।