कन्नौज। भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हाे गई। एक पक्ष ने घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया। वहीं दूसरे पक्ष ने लात-घूसों व लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षो की तहरीर पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के नाहरघाटी निवासी अनीस बेग ने बताया कि आठ अक्तूबर को सुबह 11 बजे वह बहू शबाना के साथ घर पर था। तभी गांव के जलालुद्दीन, राजू, अतीक, तौसीफ लाठी-डंडे और चाकू लेकर गालियां देते हुए घर में घुस आए। विरोध पर आरोपियों ने लाठी-डंडे व चाकू से हमला कर दिया। बचाने आई बहू को भी लात-घूंसों से मारापीटा।
वहीं, गांव के जलालुद्दीन ने बताया कि आठ अक्तूबर की सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी सुहेल बेग, रिजवान बेग, भूरा और गुलफाम चबूतरे पर निर्माण कर रहे थे। जब निर्माण करने से रोका तो पत्नी रिहाना बानो व उसे आरोपियों ने लात-घूसों और लाठियों से मारना शुरू कर दिया। चीख-पुकार पर आसपास के लोगों ने बीचबचाव किया। आरोप है कि जाते समय जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।