तिर्वा। महिला ने निजी अस्पताल पर ब्लड की कालाबाजारी और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर सोमवार को पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी वीणा देवी ने बताया कि रविवार देर शाम उनके नाती की बहू को प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजन उसे कस्बे के बधाइयां रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए और भर्ती कराया। अस्पताल में मौजूद महिला डॉक्टर ने मरीज का ब्लड कम बताते हुए दो यूनिट ब्लड चढ़ाने की बात कही। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने इसके लिए 18 हजार रुपये की मांग की, जिस पर परिजनों ने असहमति जताते हुए स्वयं ब्लड डोनेट कर व्यवस्था करने की बात कही।
आरोप है कि इस पर महिला डॉक्टर भड़क गईं। भयभीत होकर परिजन महिला मरीज को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाने की बात करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने मरीज को गलत इंजेक्शन लगाने का प्रयास किया। विरोध करने पर डॉक्टर ने हाथ में लिए नुकीले औजार से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।