तालग्राम। लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने रविवार को पल्स पोलियो अभियान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीण महिला एवं बाल कल्याण आशा एसोसिएशन के बैनर तले रबड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी गेट पर धरना-प्रदर्शन विरोध जताया। साथ ही मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ इरसाद सिद्दीकी का कहना है कि आशाओं का मानदेय का भुगतान एक सप्ताह कराया दिया जाएगा।
संगठन की जिलाध्यक्ष रानी, जिलामंत्री विनीता, ब्लॉक अध्यक्ष कीर्ति देवी की अगुवाई में 50 आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी गेट पर धरना दिया। विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द भुगतान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि बकाया मानदेय का भुगतान न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आशा कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि पल्स पोलियो जैसे महत्वपूर्ण अभियान का बहिष्कार उनका उद्देश्य नहीं है। मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। उनका कहना है कि वे लगातार स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में पूरी निष्ठा से कार्य करती हैं, इसके बावजूद कई महीनों से उनका मानदेय लंबित है। इस कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. कुमारिल मैत्रेय ने आशा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी आशा कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। इस दौरान ममता, प्रेमलता, पुष्पा, लाली, रेखा अवस्थी, नीलम, शिल्पी, संजू, लक्ष्मी पाल, पूजा यादव, विजय लक्ष्मी समेत तमाम आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
फोटो :17: बच्चे को पोलियो ड्रॉप पिलाते डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री। स्रोत : सूचना विभाग
डीएम ने की पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत
कन्नौज। विनोद दीक्षित अस्पताल में रविवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने पल्स पोलियो अभियान की फीता काटकर शुरुआत की। उन्होंने मासूमों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर मासूमों को पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाई जाए।
डीएम ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 827 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। 2,77,536 बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सोमवार से 19 दिसंबर तक घर-घर जाकर बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर 22 दिसंबर तक दवाई पिलाई जाएगी। इसके लिए 565 टीमों को लगाया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ वाले स्थानों पर कैंप लगाकर पोलियो ड्रॉप पिलाई जाए। इस दौरान सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार, एसीएमओ डाॅ. केपी त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ डाॅ. ब्रजेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
-
120 बूथों पर 24 हजार बच्चों ने पी दवा
छिबरामऊ। रविवार को पल्स पोलियो महाअभियान के तहत नगर व देहात क्षेत्र में 120 बूथों पर 24 हजार बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. राहुल मिश्रा ने बताया कि सोमवार से टीमें डोर टू डोर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि नगर में 20 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 100 बूथ बनाए गए थे। इन पर एएनएम, आशा वर्कर व आंगनबाड़ी को पोलियो की खुराक पिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सुपरवाइजरों की निगरानी में चल रहे अभियान में दोपहर दो बजे तक करीब 50 बूथों पर लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। सोमवार से डोर टू डोर अभियान चलेगा। उसके बाद भी जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें टीमें विद्यालयों में पहुंचकर दवा पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान सुपरवाइजरों के माध्यम से क्राॅस चेकिंग भी कराई जा रही है। यदि कहीं भी गड़बडी पाई जाती है तो संबंधित स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।