तिर्वा। बाहर से गांव आए लोगों को मना करने पर बाहरियों व उनके साथियों ने आशा बहू को पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। घायल के पति ने पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के बेहरिन गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से आसपास गांव के भी लोग काफी सतर्क हो गए। बेहरिन गांव के मजरा रजईमऊ राजा निवासी संजू देवी पत्नी अवधेश आशा के पद पर काम करती हैं। गांव के लोगो को कोरोना के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दूसरे राज्यों से वापस आए लोगों की जानकारी करने की ड्यूटी लगाई गई है।
गुरुवार को उनके मोहल्ले में दो व्यक्ति बाहर से आए, जिन्हें देख कर उनसे पूछताछ करने लगी। इतने में पड़ोसियों ने उन पर हमला बोल दिया। इसमें लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी भाग गए। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। घायल आशा बहू के पति अवधेश ने पुलिस को तहरीर दी। वह सरकारी कार्य कर रही थी, उसी दौरान गांव के ही चार लोगों ने उसे पीट पीटकर घायल कर दिया। कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।