कन्नौज। जिले में मंगलवार को डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान में एक बस का 10 हजार रुपये का चालान किया गया। अभियान के दौरान रोडवेज बसों को रोड पर सवारी भरने व उतारने के लिए मना किया और अनुबंधित बसों के पेंडिंग चालानों को तत्काल जमा करवाने के लिए बताया गया।
एसपी विनोद कुमार के निर्देश पर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी यातायात कुलवीर सिंह, प्रभारी यातायात आफाक खां द्वारा परिवहन विभाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल वर्मा व पीटीओ सुनीता सैनी के साथ डग्गामार वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पहले चरण में यह अभियान रोडवेज बस स्टैंड के आसपास डग्गामार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की सूचना पाकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
वहीं, एक ऑल यूपी परमिट की हरदोई की बस को प्रभारी यातायात ने परमिट की शर्तों के उल्लंघन पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया। प्रभारी यातायात आफाक खां ने क्षेत्रीय प्रबंधक (परिवहन विभाग) से अपील की कि रोडवेज बसों को रोड पर सवारी भरने और उतारने के लिए मना किया जाए। अनुबंधित बसों के पेंडिंग चालानों को तत्काल जमा करवाएं। अन्यथा उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एवं उनके टीम के सदस्यों से कहा कि आप लोग डग्गामार वाहनों को पकड़वाने में सहयोग करें। हम गाड़ियों को सीज करेंगे। इस मौके पर रोडवेज के कई अधिकारी एवं कर्मचारी व यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।