बंदर का बच्चा मुंह में दबाकर भाग रहा कुत्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर में आवारा कुत्तों ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। रोडवेज बस स्टैंड पर आवारा कुत्तों ने एक बंदरिया पर हमला बोल कर उसका बच्चा मार डाला। इस दौरान कई बंदर एकत्र हो गए और बच्चे को कुत्तों से बचाने का प्रयास किया। उसी समय एक बंदर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। स्थानीय लोगों ने घायल बंदर का उपचार किया।
रविवार को नगर के रोडवेज बस स्टैंड पर कई कुत्ते रोडवेज बसों के नीचे लेटे थे। उसी समय एक बंदरिया अपने बच्चे को लेकर खाने की तलाश में बस के नीचे चली गई। आवारा कुत्तों ने बंदरिया पर हमला बोल दिया, तो वह जान बचाकर भाग खड़ी हुई। इसी दौरान उसका नवजात बच्चा कुत्तों ने झपट लिया और मुंह में दबाकर भाग गए। आस-पास के दुकानदारों ने कुत्तों का पीछा किया, लेकिन एक कुत्ता बच्चे को मुंह में दबाकर मोहल्ला सराफान की तरफ भाग गया। किसी तरह लोगों ने कुत्ते के मुंह से बच्चे को छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस दौरान रोडवेज बस स्टैंड पर बंदरों की काफी भीड़ जुट गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। एक बंदर मुख्य मार्ग के किनारे से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करंट से झुलस गया और नीचे गिर गया।
स्थानीय दुकानदार पुनीत पंकज पांडेय, अवधेश अग्निहोत्री, नरेशचंद्र गुप्ता, मिंटू मिश्रा, बबलू गुप्ता आदि ने घायल बंदर का उपचार किया। काफी देर तक चले उपचार के बाद उसकी जान बच गई। देर शाम तक रोडवेज बस स्टैंड पर बंदरों का जमावड़ा लगा हुआ था।