शोहदों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। डीजीपी के निर्देश पर एसपी ने जिला मुख्यालय समेत सभी थाना प्रभारियों को एंटी रोमियो स्क्वायड गठित करने को कहा है। यह स्क्वायड छात्राओं व महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वाले शोहदों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करेगा।
इस दल में एक सब इंस्पेक्टर समेत दो पुरुष व दो महिला आरक्षियों को शामिल किया गया है। महिला आरक्षी सादे कपड़ों में रहेंगी। सार्वजनिक स्थलों व महिला कालेज और कोचिंग समेत बाजार व कई अन्य स्थानों पर दल तैनात रहेगा। युवतियों व छात्राओं के साथ छेड़खानी व फब्तियां कसने वाले शोहदों को चिह्नित कर दल के सदस्य हिरासत में लेंगे।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि एंटी रोमियो दल की तैनाती का मुख्य मकसद शोहदों के खिलाफ कार्रवाई कर लड़कियों को भयमुक्त वातावरण का एहसास कराना है। किसी भी तरह से बेकसूर लोगों को परेशान नहीं किया जाएगा।
शोहदों की तैयार होगी वीडियो रिकार्डिंग
लड़कियों की सुरक्षा के लिए तैनात किए जाने वाला एंटी रोमियो दल हाईटेक ढंग से काम करेगा। यूपी 100 की सूचना मिलने पर फौरन दल बताए गए स्थान पर लड़कियों की मदद के लिए पहुंचेगा। कानूनी कार्रवाई के लिए दल के सदस्य मौके की वीडियो रिकार्डिंग के साथ शोहदे की वीडियो क्लिप तैयार करेंगे। जिसे कोर्ट में साक्ष्य के आधार पर पेश किया जा सके।