कस्बे के सिद्धपीठ मां अन्नपूर्णा देवी के दरबार में
वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें मां की प्रतिमा के समक्ष
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया। भंडारे
में कई जिलों से सैकड़ों की तादात में श्रद्धालुओं ने आकर भंडारे का
प्रसाद चखा।
कस्बे में मां अन्नपूर्णा भोग भंडारा समिति द्वारा प्रतिदिन
भोग का कार्यक्रम चलता है। वर्ष में एक बार वार्षिक भंडारे का आयोजन किया
जाता है। वार्षिक भंडारे में तिर्वा के अलावा कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर
देहात, औरैया व इटावा जिलों से भारी तादात में श्रद्धालु आकर भंडारे में
प्रतिभाग करते हैं।
रविवार की सुबह दस बजे समिति के अध्यक्ष देवानंद
तिवारी, रमेश शुक्ला, बृजेश शुक्ला, डा. केके शुक्ला, कृष्णचंद्र शुक्ला,
सागर सिंह यादव, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, इंजीनियर रामशंकर लाल सहित कई
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां की प्रतिमा के समक्ष 56 भोग अर्पित
किया।
इसके बाद मंदिर परिसर में ही भंडारे का आयोजन शुरू हुआ। देर शाम
तक चले भंडारे में कस्बे के व्यवसायियों के अलावा दूर-दराज से आने वाले
श्रद्धालुओं ने परिवार समेत मां का प्रसाद चखा। मां के दर्शन कर मनौतिया भी
मांगी।