तिर्वा। अब पशुओं को छोड़ने पर पशु पालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। पशु पालन विभाग की ओर से घर-घर जाकर पशुओं की टैगिंग का काम शुरू होने जा रहा है। होगा। इसके आधार पर आसानी से पशु पालक की पहचान की जा सकेगी।
आम जनता को अन्ना पशुओं से निजात दिलाने के लिए सरकार ने गोशालाएं खुलवाई हैं। इसके बाद भी इनकी संख्या में कमी नहीं दिख रही है। इस पर शासन ने प्रत्येक पशु को टैग कराकर चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीवीओ डॉ. संजय शाल्या ने बताया कि प्रत्येक पशुपालक के घर जाकर पशुओं की टैगिंग की जाएगी। अक्सर पशुपालक दूध न देने वाले पशुओं को छोड़ देते हैं। यह सड़कों पर घूमते रहते हैं। टैगिंग में पशुओं को एक नंबर दिया जाएगा।
नंबर के आधार पर पशुपालक का नाम समेत उसकी डिटेल पशुु पालन विभाग में मौजूद रहेगी। टैग होने के बाद अगर कोई पशुपालक इन्हें छोड़ता है, तो टैग में पडे़ नंबर के जरिए पशुपालक तक पहुंचा जाएगा। पशु को छोड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी। अगर कोई टैग लगे पशु की बिक्री करता है, और वह घूमता मिल जाता है तो टैग नंबर के आधार पर बेचने वाले से जानकारी लेकर छोड़ने वाले पर कार्रवाई की जाएगी।