विशुनगढ़। ग्राम पंचायत सरदामई के मजरा कछपुरा में ट्रांसफार्मर (डीपी) फुंकने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि 15 दिन से गांव में अंधेरा है। इस कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले पांच दिन तक लो वोल्टेज की समस्या है। इसके बाद ट्रांसफार्मर फुंक गया। तब से गांव में आपूर्ति ठप है। बिजली न होने से पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है और भीषण गर्मी में लोगों का बिना बिजली के रहना मुश्किल हो गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के बाहर एकत्र होकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो बिजली घर का घेराव किया जाएगा। ग्राम प्रधान राम प्रकाश ने बताया कि फुंकी हुई डीपी की सूचना कई बार बिजली निगम को दी जा चुकी है, लेकिन कर्मचारी जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान संतोष कुमार, रामविलास शाक्य, दीपक कुमार, नरेंद्र शाक्य, देशराज, सुरेश चंद्र, इंद्रपाल, बितानी देवी आदि मौजूद रहे।