कन्नौज। मणिपुर हिंसा पर सपा ने नाराजगी जताई है। सपा के युवजन सभा की ओर से वहां की सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की गई है।
समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदेश सचिव नाजिम खां की ओर से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में कहा है कि मणिपुर हिंसा में अब तक हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाया गया है। महिलाओं से दरिंदगी की जा रही है। कई लोग मारे जा चुके हैं। थाने से हथियार लूटे गए हैं, लेकिन वहां की सरकार ने अभी तक इस हिंसा पर कोई कार्रवाई नहीं की। न हिंसा करने वालों पर कोई कार्रवाई की। इसीलिए पिछले लगभग ढाई महीने से इस हिंसा को रोकने में वहां की भाजपा सरकार नाकाम साबित हुई है। मांग की गई कि जनहित को ध्यान में रखकर मणिपुर की सरकार तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। इस मौके पर पवन अवस्थी, सरवन कठेरिया, आजाद खान, अरमान अली, नूर मोहम्मद, शकील अली, समीर खान, अम्माद अहमद, संतोष दोहरे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।