तालग्राम। अब आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का डाटा एक ही क्लिक पर उपलब्ध होगा। केंद्र पर पंजीकृत बच्चों का भी आधार आधारित एक ही यूनिक आईडी होगी। इससे योजनाओं और सुविधाओं का लाभ देने में आसानी होगी।
तालग्राम ब्लाॅक में 207 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें छह माह से तीन वर्ष तक के 12005 बच्चे पंजीकृत हैं। वहीं तीन से छह वर्ष तक के 11327 बच्चों का नामांकन हैं। इन बच्चों को बाल विकास विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल रहा है। नई योजना के तहत बच्चों की आईडी शासन के केंद्रीयकृत सर्वर से जोड़ी जाएगी। इससे सरकार के पास भी सही और समग्र प्रमाणित डाटा उपलब्ध होगा, वहीं बच्चों के लिए भी आसानी होगी कि उनकी पूरी जानकारी एक ही जगह पर उपलब्ध होगी। सीडीपीओ तालग्राम पूजा सिंह ने बताया कि गर्भवती की आभा हेल्थ आईडी और बच्चों की यूनिक आईडी भी बनेगी। अभी तक यूनिक आईडी कोई गाइडलाइन और साफ्टवेयर नहीं मिला है। उसके बाद ही कुछ हो सकेगा।