छिबरामऊ। जीटी रोड के चौड़ीकरण में गई जमीन व तोड़े गए मकानों का मुआवजा न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को धरना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक उनको मुआवजा नहीं मिल जाएगा, तब तक वह निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।
सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्राम करमुल्लापुर के अटल दुबे, बबलू दुबे, अखिलेश यादव, सुभाष कनौजिया, विशाल कुमार, मुकेश, राजकिशोर वर्मा, दिलदार वारिस, हयात वारिस, कौशलेंद्र यादव, ओमप्रकाश, जितेंद्र, तारा देवी, बबलू कनौजिया, अंकित यादव, शिवम शाक्य, विवेक यादव व रामकुमार अंडर पास के नीचे दरी डालकर बैठ गए। करमुल्लापुर चौराहे पर बन रही सेकेंड रो के कार्य को ग्रामीणों ने बंद करा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जीटी रोड के चौड़ीकरण में उनके मकान तोड़े गए हैं और जमीनें गई हैं लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी उनको मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजे की जगह अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। फाइलों का हवाला देकर अधिकारी उनको घुमा रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनको मुआवजा नहीं मिल जाएगा तब तक यहां पर निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।