छिबरामऊ। विशुनगढ़ में एक युवक ने साथियों के साथ दिसंबर माह में तमंचे के बल पर युवती के अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया है। युवती के बाबा ने अपहरण व घर में लूटपाट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार को युवक-युवती को साथ लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचा। वहां न्यायिक अधिकारी ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस अभिरक्षा में विशुनगढ़ थाने भिजवा दिया।
विशुनगढ़ कस्बे निवासी गोपाल श्रीवास्तव 12/13 दिसंबर की रात गांव की एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। युवती के बाबा ने तमंचे की दम पर युवती का अपहरण करने व घर में लूटपाट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से दोनों फरार चल रहे थे। लड़की के परिजनों व आरोपी युवक की पत्नी ने युवक के पहले से ही दो शादियों होने व बिना तलाक के तीसरी शादी करने का हवाला देते हुए न्यायिक अधिकारी के समक्ष अपील दायर की थी। गुरुवार को जैसे ही गोपाल श्रीवास्तव युवती को साथ लेकर कोर्ट मैरिज के लिए न्यायिक अधिकारी के सामने पेश हुआ। न्यायिक अधिकारी ने पुलिस बुलवाकर दोनों को गिरफ्तार कराकर विशुनगढ़ थाने भिजवा दिया।
विशुनगढ़ थानाध्यक्ष किशनपाल ने बताया कि युवक के जेल भेज दिया गया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।