कन्नौज। कोतवाली क्षेत्र के मनोरथपुर गांव में रविवार को घर के बाहर खेल रही सात वर्षीय मासूम को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम को परिजनों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मनोरथपुर गांव निवासी रामलखन की बेटी दिव्यांशी घर के सामने खेल रही थी। तभी एक तेज रफ्तार ई-रिक्शे ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना देखकर बच्ची की मां पूजा देवी और ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। तब तक ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजन घायल मासूम को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम के पिता रामलखन ने करीमपुर गांव के रहने वाले ई-रिक्शा चालक के खिलाफ सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।