कन्नौज। शहर से सटे गोवर्धनी तिराहा पर कोल्ड स्टोरेज में सोमवार की देर रात अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। आसपास के लोगों को दिक्कत होने लगी। कुछ ही देर में हवा के साथ हाईवे पर भी लोगों ने आंखों में परेशानी की शिकायत की। इससे अफरातफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम और कोल्ड स्टोरेज कर्मियों ने एक घंटे के प्रयास के बाद काबू पाया। दमकल प्रभारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सदर कोतवाली क्षेत्र के गोवर्धनी रोड स्थित जनता कोल्ड स्टोरेज में देर रात डेढ़ बजे अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। काम कर रहे कर्मियों ने पहले सही करने का प्रयास किया। इसी बीच दमकल को सूचना दी गई और कुछ ही देर में पहुंचे दमकल प्रभारी संदीप तंवर की अगुवाई में टीम कोल्ड स्टोरेज पहुंची। दमकल विभाग ने कोल्ड स्टोरेज कर्मियों ने मिलकर एक घंटे के प्रयास के बाद रिसाव पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अमोनिया की तीव्रता कम करने के लिए दमकल विभाग ने पानी का छिड़काव शुरू किया।
दमकल प्रभारी संदीप तंवर ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज का सिलिंडर रिफिल किया गया था। इसी दौरान उसके वॉल्व से रिसाव हो गया। कोल्ड स्टोर की तरफ से किसी ने जानकारी नहीं दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थिति सामान्य होने पर दमकल प्रभारी ने कोल्ड स्टोरेज संचालक को आवश्यक सुरक्षा व जांच के दिशा-निर्देश दिए। इस संबंध जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी ने बताया कि सभी कोल्ड संचालक अमोनिया व अन्य उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।