सिकंदरपुर। गणेशापुर गांव में कुछ लोगों ने एंबुलेंस चालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में चालक का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। चालक की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
चौकी क्षेत्र के ग्राम गणेशापुर निवासी राहुल एंबुलेंस चालक हैं। दोपहर 2.30 बजे वह एंबुलेंस खड़ी कर साथी अजय राजपूत के साथ खाना खाने घर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राहुल का सिर फट गया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी वीरेंद्र कुमार को पकड़ लिया। उसके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।