हसेरन। ग्राम समाज की जमीन पर एक सप्ताह पहले रखवाई गई आंबेडकर प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। प्रशासन ने बगैर अनुमति रखी गई मूर्ति को हटवाकर जांच शुरू की है।
सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ चौकी अंतर्गत ग्राम कांकरकुई गांव में 17 जुलाई को अंबेडकर पार्क की जमीन पर गांव के सूरज जाटव ने डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखवाई थी। रविवार की रात अराजकतत्वों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह जब गांव के लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी तो नाराजगी जताई। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष वीरू समेत ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। माहौल बिगड़ता देख कई थानों की पुलिस के साथ एएसपी संसार सिंह, एसडीएम तिर्वा अशोक कुमार, सीओ ओमकार नाथ शर्मा भी मौके पर पहुंचे। भीड़ को समझाकर शांत किया। एएसपी ने मामले की जांच की जा रही है। अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।