जलालाबाद। जिला कारागार कन्नौज के मुलाकातियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जेल के भीतर बीड़ी, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को कई गुना दामों पर बेचने का आरोप है। मुलाकातियों के आरोपों ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
आरोप है कि बाहर पांच रुपये में मिलने वाली बीड़ी और तंबाकू जेल के भीतर पहुंचते ही 40 से 50 रुपये तक में बेची जा रही है।मुलाकातियों का दावा है कि जेल के अंदर नशे से जुड़ा सामान कई गुना कीमत पर पहुंच रहा है, जिससे कुछ लोगों की कमाई का जरिया बन गया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सबसे बड़ा सवाल नियमों को लेकर सामने आया है। जेल प्रशासन के एक अधिकारी का कहना है कि बंदियों के लिए निर्धारित मात्रा में बीड़ी और तंबाकू ले जाना अनुमन्य है। दूसरी ओर गेट पर तैनात कर्मचारियों ने अलग नियम बताए जाने की बात कही है। इस विरोधाभास ने मुलाकातियों के बीच भ्रम और असंतोष पैदा कर दिया है। जानकारों लोगों का कहना है कि यदि जेल के भीतर जाने वाले सामान का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है तो उसे सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाना चाहिए। किस बंदी के लिए कितना सामान गया, उसकी निगरानी कौन कर रहा है और उसकी एंट्री कहां दर्ज हो रही है।