विकास भवन सभागार में जिला एकीकरण समिति की बैठक हुई। जिसमें सभी धर्मों के लोगों को सांप्रदायिक सौहार्द के साथ एक दूसरे के धर्मों का सम्मान करने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता दोहरे ने कहा कि जिले में सौहार्द का वातावरण बनेगा तो प्रगति के रास्ते अच्छे होंगे। उन्होंने आपसी विवादों व समस्याओं को आपस में मिलकर सुलझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सद्भावना एकीकरण की मूल भावना है।
सीडीओ उदयराज यादव ने कहा कि देश की एकता व अखंडता कायम रखने के लिए राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देना होगा। आपसी सौहार्द प्रेम व भाईचारे का संदेश देकर अच्छा वातावरण तैयार करें। उन्होंने स्वच्छता पर भी जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिले। बैठक में जिला विकास अधिकारी एके वैश्य ने कहा कि सामाजिक समरसता की भावना हम सभी को मिलकर बढ़ानी है।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश बघेल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया, जिला मत्स्य अधिकारी जीसी यादव, जिला कृषि अधिकारी नीरज रान, केके इंटर कालेज के प्रवक्ता अरुण कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद, मो. इखलाक, संतोष यादव, शिवकुमार चंदेल, पूर्व प्रधानाचार्य एनसी टंडन सहित अन्य मौजूद रहे।