अलविदा जुमा की नमाज के लिए रोजेदारों से मस्जिदें खचाखच भरी रहीं। तमाम लोगों को मस्जिद के बाहर नमाज अदा करनी पड़ी। नमाज के बाद मुल्क में अमन चैन के लिए दुआ मांगी गई। प्रशासन ने बाजार में दोनों तरफ ट्रैफिक रोक कर सड़क पर भी नमाज पढ़ने की सहूलियत मुहैया कराई।
कन्नौज शहर की जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे इमाम हाफिज मुईन ने नमाज अदा कराई। हम्मालीपुरा स्थित तैबा मस्जिद में दोपहर 12:45 बजे इमाम मौलाना अबू दुजाना ने नमाज अदा कराई। गुरसहायगंज तिराहे पर स्थित जामा मस्जिद में दोपहर 1:45 बजे इमाम हाफिज मोहम्मद जुम्मन ने नमाज अदा कराई। एक मिनारा जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे इमाम हाफिज रेहान ने नमाज अदा कराई। तिर्वा की जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे इमाम मौलाना अबू शहमा ने नमाज अदा कराई। तिर्वा खास स्थित जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे इमाम सूफी शराफत हुसैन ने नमाज अदा कराई।
छिबरामऊ में जामा मस्जिद सदर बाजार सहित नूरी मस्जिद बिरतिया, तकिया वाली मस्जिद मोहल्ला सैयदबाड़ा, मोहल्ला जेरकिला, ऊंचा व जुलाहपुरी, कपूरपुर व कमालपुर की मस्जिदों में आखिरी जुमे की नमाज अदा की गई। सदर बाजार की जामा मस्जिद में अजान का समय डेढ़ बजे था। जगह हासिल करने के लिए रोजेदारों व नमाजियों का एक बजे से ही आना शुरू हो गया। अजान शुरू होते ही रोजेदारों का सैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस ने हीरालाल कालेज चौराहे व मोहल्ला जुलाहपुरी मोड़ के पास बैरियर लगाकर व जामा मस्जिद के पास बेंच डलवाकर ट्रैफिक रोक दिया। नमाज खत्म होने तक भारी पुलिस बल मुस्तैदी से दोनों सिरों पर डटा रहा। जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना सैय्यद फुरकान ने मुल्क मिल्लत के लिए दुआ मांगी।
सौरिख प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे की जामा मस्जिद में हाफिज रेहान अहमद, राजापुर में गुलाम मुर्तजा व मोहम्मद मेंहदी, कबीरपुर में तारिक अनवर व मौलाना खालिद ने नमाज अदा कराई। विशुनगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा स्थित जामा मस्जिद में पेश इमाम ने अलविदा की नमाज अदा कराई। तालग्राम प्रतिनिधि के अनुसार अलविदा जुमा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। जमा मस्जिद में मौलाना नईम अख्तर ने नमाज अदा कराई। अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। लोगों ने अमन चैन की दुआएं मांगीं। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह, राकेश कुमार, स्वदेश कुमार, एसएसआई सोबरन सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। सुजानसराय, सतौरा, ताहपुर, अकरमाबाद में भी नमाज अदा की गई।
व्यवस्था दिखी चाकचौबंद
समधन। कस्बे की मस्जिद में नमाज को लेकर लोग सुबह से अपनी तैयारी में जुट गए। अलविदा की नमाज को लेकर अधिशासी अधिकारी शिवमोहन सिंह के सख्त दिशा निर्देशों के चलते कर्मचारी साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने में सुबह से लग गए थे। शांति व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस ने किया मार्च
तिर्वा। अलविदा की नमाज से पहले कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मुख्य मार्ग से होते हुए सभी मस्जिदों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। इसके बाद मार्च किया। मुख्य सड़क पर दुकानों पर खड़े लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। जगह-जगह सड़क किनारे खड़ी बाइकों के कागजात चेक किए गए। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि अलविदा नमाज के समय शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मस्जिदों का निरीक्षण किया गया।