कन्नौज। जिले को मिले लक्ष्य की पूर्ति करने के लिए धान खरीद केंद्र सक्रिय हो गए हैं। किसानो के इंतजार में बैठे सरकारी धान खरीद केंद्र प्रभारियों के यहां धान पहुंचने लगी है। पहले दिन मंडी समिति में बने विपणन शाखा केंद्र पर 90 क्विंटल धान की खरीद की गई। जिले में 260 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।
जिले में धान खरीद के लिए 22 केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी का लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया गया। जबकि जिले को 35 हजार 500 मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य दिया गया है। केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि लक्ष्य की पूर्ति करें। पूर्व में केंद्र पर धान बेच गए किसानों को फोन कर धान बिक्री के लिए बुलाया जाए। क्षेत्र में भी भ्रमण कर किसानों को केंद्र खुलने की जानकारी दें और नियम भी बताएं। केंद्रों पर धान बेचने को किसान आने लगेंगे। मंडी समिति में खुले विपणन शाखा के केंद्र खुलने के बाद सोमवार को पहले दिन किसान धान लेकर पहुंचे। जांच करने के बाद केंद्र प्रभारी ने धान में गंदगी मिलने पर मशीन से सफाई कराई।
इसके बाद तौल कराकर धान की खरीद की। विपणन शाखा के निरीक्षक प्रेम कुमार का कहना कि किसानों की धान में नमी कम निकल रही है। जांच के बाद धान की खरीद होने लगी है। किसान पहले धान लेकर केंद्र पर आते हैं। जांच करने के बाद उनको बताया जाता है कि अभी धान में नमी है। इसलिए कुछ दिन धूप में सुखाने के बाद लेकर आए। किसान धान सुखाने के बाद केंद्र पर लेकर आए। तिर्वा, छिबरामऊ, जसोदा समेत कई अन्य केंद्रों पर धान पहुंच रही है। धान खरीद के डिप्टी आरएमओ सरवेंद्र सिंह का कहना कि जिले के सभी धान खरीद केंद्र सक्रिय हो गए हैं। तिर्वा जसोदा, कन्नौज व छिबरामऊ धान खरीद केंद्रों पर 260 किवंटल धान की खरीद की जा चुकी है। पीसीएफ शाखा के आठ सेंटरों में छह सेंटरों पर खरीद होने लगेगी। इन सेंटरों पर किसान संपर्क कर रहे हैं।