नजरापुर(कन्नौज)। रोड किनारे आलू के खेत में दो सीवर टैंक खाली कर दिए। खेत में सीवर का मलबा और गंदा पानी भरने से तैयार आलू की फसल नष्ट हो गई। किसान ने नगर पालिका पर आरोप लगाते हुए डीएम से मुआवजे की मांग की।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बेहरिन गांव निवासी राजाराम पुत्र भूप नरायन का गांव के किनारे तिर्वा-कन्नौज रोड पर पांच बीघा खेत है। इसमें उसने आलू की फसल की है। सोमवार की रात किसी ने सीवर की सफाई कर दो टैंकर उसके खेत के किनारे खाली कर दिए। इससे खेत में सीवर का गंदा पानी और मलबा भर गया। इससे आलू की फसल नष्ट हो गई। मंगलवार को पीड़ित किसान ने डीएम रवींद्र कुमार को प्रार्थना पत्र देते हुए नगरपालिका कर्मचारियों ने उसके खेत में सीवर टैंक खाली कर दिए, जिससे तीन बीघा आलू की फसल नष्ट हो गई। इससे उसे एक लाख का नुकसान हुआ है। सीवर टैंक खाली करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर उसे मुआवजा दिलाया जाए।