छिबरामऊ। बहन के घर मैनपुरी जा रहे अग्निवीर की बाइक में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर घिलोई गांव के सामने पीछे से आई रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। अस्पताल से गंभीर हालत में उसे मिलिट्री हॉस्पिटल फतेहगढ़ और वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
ग्राम नगला गागिन निवासी आशीष शाक्य (30) अग्निवीर हैं। नौ जुलाई को वह छुट्टी पर घर आए थे। सुबह 10.30 बजे बहन के घर मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र के ग्राम भवानी नगला जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर ग्राम घिलोई के पास पीछे से आई रोडवेज बस ने सैनिक की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर सैनिक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, हादसे की जानकारी होने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद मिलिट्री हॉस्पिटल फतेहगढ़ रेफर कर दिया।
सैनिक के परिजनों ने बताया कि यहां भी हालत में सुधार न होने पर सैनिक को मिलिट्री हॉस्पिटल लखनऊ भेजा गया है। यहां इलाज शुरू हो चुका है, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना पर क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।